मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने दिवंगत तृषा सिंह को श्रद्धांजलि दी. मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पर आयोजित द्वादश कार्यक्रम मेंCM और कई विधायक हुए शामिल.
Ranchi News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं उनकी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन सोमवार को स्मार्ट सिटी, रांची स्थित आवास पहुंचे. दोनों मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की स्वर्गीय पुत्री तृषा सिंह के द्वादश कार्यक्रम एवं ब्रह्मभोज में शामिल हुए. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वर्गीय तृषा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. विधायक कल्पना सोरेन ने भी तृषा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.मुख्यमंत्री ने कहा कि मरांग बुरु दिवंगत युविका बिटिया की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल दीपिका जी, रत्नेश जी एवं समस्त परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करें. वहीं, कल्पना सोरेन ने कहा कि एक बेटी का यूं असमय चले जाना पूरे परिवार के लिए ऐसी पीड़ा है, जिसे शब्दों में व्यक्त कर पाना संभव नहीं है.
विधि-विधान से किया गया श्राद्धकर्म
इसके पूर्व मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पर तृषा सिंह की आत्मा की शांति के लिए विधि-विधान से श्राद्धकर्म किया गया. सुबह 10 बजे से पूजा शुरू हुई, जो शाम चार बजे तक चली. इसके बाद तृषा सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए एक बड़ा कटआउट लगाया गया था. यहां सबसे पहले मंत्री दीपिका पांडेय सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने श्रद्धांजलि अर्पित की.
बड़ी संख्या में मंत्री और विधायक हुए शामिल
श्राद्ध कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री राधाकृष्ण किशोर, हफीजुल हसन, इरफान अंसारी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, विधायक नवीन जायसवाल, रागिनी सिंह, प्रदीप प्रसाद, राजेश कच्छप, समीर मोहंती, संजीव सरदार, सुदीप गुड़िया, ममता देवी, कुमार जयमंगल, राज्यसभा सांसद बैजनाथ राम, मिथिलेश ठाकुर समेत बड़ी संख्या में मंत्री, विधायक और कांग्रेस व अन्य दलों के नेता शामिल हुए.



