रांची के सीआईपी में इंटर्न छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पश्चिम बंगाल की छात्रा ने सीनियर पीजी छात्र पर नशीला पदार्थ देकर रेप का आरोप लगाया है. आरोपी गिरफ्तार.
CIP Ranchi Crime: रांची जिले के कांके थाना क्षेत्र स्थित केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान (सीआईपी) में इंटर्नशिप कर रही एक छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. छात्रा पश्चिम बंगाल की रहनेवाली है. मामले में कांके थाना पुलिस ने संस्थान के क्लिनिकल पीजी के छात्र सार्थक चौधरी को गिरफ्तार किया है. आरोपी राजस्थान के राजसमंद जिले का रहने वाला है.साइकोमेट्रिक टेस्ट की जानकारी लेने पहुंची थी छात्रा
छात्रा ने प्राथमिकी में बताया है कि 28 जून को वह पीजी छात्र सार्थक कुमार से साइकोमेट्रिक टेस्ट के संबंध में जानकारी लेने गई थी. आरोप है कि सार्थक ने उसे अपने कमरे में बुलाया और पानी में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया. इसके बाद छात्रा को नशा आने लगा और तेज नींद महसूस होने पर वह उसके बेड पर ही लेट गई.
प्राथमिकी के अनुसार, इसी स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया. इंटर्नशिप पूरी होने के बाद छात्रा पश्चिम बंगाल स्थित अपने घर लौट गई.
बंगाल में दर्ज हुई थी जीरो एफआईआर
छात्रा ने 12 सितंबर को पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के नरेंद्रपुर थाना में जीरो एफआईआर दर्ज कराई. वहां से मामला रांची एसपी को ट्रांसफर किया गया. इसके बाद कांके थाना पुलिस ने रविवार को प्राथमिकी दर्ज की और सोमवार को आरोपी छात्र सार्थक कुमार को गिरफ्तार कर लिया.



