बरहरवा/साहिबगंज। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सरिता टुडू ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने गांधीजी के सत्य-अहिंसा के सिद्धांत तथा शास्त्रीजी के सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को याद किया। इस दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने कुष्ठ रोग को समाज से दूर करने और मरीजों के प्रति भेदभाव नहीं करने का संकल्प लिया। लोगों से बीमारी के लक्षण दिखने पर समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच और उपचार कराने की अपील की गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने कहा कि जागरूकता से कुष्ठ रोग की समय पर पहचान और उपचार संभव है। मौके पर बीपीएम संजय कुमार सिंह, बीडीएम सोनल टुडू सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।



