गांधी जयंती पर चेंबर ने किया शांतिपूर्ण पद-भ्रमण, शुल्क वापस लेने की मांग
साहिबगंज। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर ईस्टर्न झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज की ओर से डिजिटल लेनदेन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत एमडीआर शुल्क के विरोध में शुक्रवार को गांधी स्मारक के समक्ष सामूहिक उपवास किया गया। सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले उपवास के बाद चेंबर के बैनर तले व्यापारियों ने शहर की प्रमुख सड़कों पर शांतिपूर्ण पद-भ्रमण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत चेंबर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
अतिरिक्त शुल्क का बोझ नहीं चाहते व्यापारी: राजेश :
चेंबर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों की आपत्ति इस बात को लेकर है कि बड़े मूल्य के डिजिटल भुगतान पर एमडीआर लगने से कारोबार की लागत बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि व्यापारी डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के पक्ष में हैं, लेकिन अतिरिक्त शुल्क से व्यापारियों पर आर्थिक दबाव बढ़ेगा। कहा कि ₹2,000 तक के व्यापारी भुगतान और सभी व्यक्ति-से-व्यक्ति यूपीआई लेनदेन पर एमडीआर नहीं लगेगा। लेकिन उन्होंने कहा कि 0.4% एमडीआर शुल्क लगने से 3000 रुपये पर 12 रुपये, 10 हजार रुपये पर 40 रुपये और 1 लाख रुपये पर 400 रुपये का अतिरिक्त शुल्क लगेगा, जो अंततः आम जनता पर ही पड़ेगा। उन्होंने शांतिपूर्ण आंदोलन के माध्यम से सरकार से इस व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर चेंबर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से चरणबद्ध आंदोलन आगे बढ़ाएगा।
कार्यक्रम में सचिव मोहित बेगराजका, कोषाध्यक्ष विवेक कुमार, पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद आफताब आलम, अंकित तमाखुवाला, कमल महावर, नवल किशोर मंडल, रवि शंकर पोद्दार, पिंटू शाह, राकेश कुमार समेत चेंबर के पदाधिकारी, सदस्य, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।



