गांधी प्रतिमा के समक्ष एक घंटे का शांतिपूर्ण प्रदर्शन, अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने की अपील
साहिबगंज। संवाददाता। डिजिटल लेनदेन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) के विरोध में ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज ने गांधीवादी तरीके से आंदोलन करने का निर्णय लिया है। चैंबर के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बताया कि 2 अक्टूबर को जिले के व्यापारी गांधी प्रतिमा के समक्ष सामूहिक उपवास रखकर विरोध दर्ज कराएंगे।
सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक रहेगा सामूहिक उपवास :
राजेश अग्रवाल ने बताया कि 2 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक व्यापारी गांधी प्रतिमा के समक्ष एकत्रित होंगे। इससे पहले महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद सभी व्यापारी शांतिपूर्ण तरीके से एक घंटे का सामूहिक उपवास रखेंगे।
शुल्क बढ़ने से छोटे कारोबारियों पर पड़ेगा असर :
अध्यक्ष ने कहा कि एक ओर डिजिटल इंडिया और कैशलेस अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है, वहीं डिजिटल लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर शुल्क लगाने से छोटे और मध्यम व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। इसका असर आम उपभोक्ताओं पर भी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि अन्याय के खिलाफ अपनी बात रखना व्यापारियों का अधिकार है। जिले के सभी व्यापारियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि शुल्क वापस नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में राज्य और राष्ट्रीय स्तर के व्यापारिक संगठनों के साथ आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।



