अनंत ओझा यूपी के सह-प्रभारी, अजय महावर गुजरात के सह-प्रभारी बने
साहिबगंज। संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी ने साहिबगंज से जुड़े दो नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी तथा घोंडा विधानसभा, दिल्ली के विधायक अजय महावर को गुजरात का सह-प्रभारी बनाया है। अजय महावर दिल्ली विधानसभा की लोक लेखा समिति के सह-अध्यक्ष एवं दिल्ली जल बोर्ड के सह-सदस्य भी हैं।
राजस्थान स्कूल से पढ़े, राजनीतिक सफर में भी समानता :
अजय महावर साहिबगंज के बाटा रोड (न्यू रोड) के निवासी हैं और उन्होंने राजस्थान हाई स्कूल से मैट्रिक की परीक्षा पास की है। अनंत ओझा ने भी इसी विद्यालय से मैट्रिक किया था। अनंत ओझा राजमहल विधानसभा से दो बार विधायक रहे हैं, जबकि अजय महावर घोंडा विधानसभा से दूसरी बार विधायक चुने गए हैं।
संगठन में निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारियां :
अनंत ओझा भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सहित महामंत्री और उपाध्यक्ष रह चुके हैं। वहीं अजय महावर पूर्वी दिल्ली से दो बार जिला अध्यक्ष रहे और संगठन में विभिन्न दायित्व निभाए। वर्ष 2019 और 2024 में घोंडा से विधायक चुने गए। बुधवार को दिल्ली के यमुना विहार स्थित अजय महावर के आवास पर अनंत ओझा की मुलाकात हुई। दोनों ने एक-दूसरे को नई जिम्मेदारी की बधाई दी। साहिबगंज के विनोद वर्मा ने भी अनंत ओझा का स्वागत किया। प्रेस विज्ञप्ति में दोनों नेताओं को साहिबगंज के दो लाल बताया गया है।



