गोमो के पुराना बाजार में सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग से रोज जाम लगता है. दुकानदारों, ग्राहकों और छात्रों को हो रही है भारी परेशानी. इस समस्या के समाधान के लिए रेलवे की जमीन पर पार्किंग बनाने की मांग की जा रही है.
गोमो. गोमो के हृदय स्थल पुराना बाजार में छुट्टी के दिनों को छोड़कर लगभग हर दिन सड़क जाम की समस्या बनी रहती है. सड़क किनारे वाहनों की बेतरतीब पार्किंग को जाम का प्रमुख कारण माना जा रहा है. इससे स्थानीय दुकानदारों, ग्राहकों, विद्यार्थियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
छह बैंक, लेकिन पार्किंग की पर्याप्त सुविधा नहीं
पुराना बाजार में करीब छह बैंक संचालित हैं, लेकिन किसी भी बैंक के पास पर्याप्त पार्किंग की सुविधा नहीं है. बैंक और दुकानों में आने वाले ग्राहक अपनी दोपहिया और चारपहिया गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी कर देते हैं. इससे पहले से संकरी सड़क और अधिक संकरी हो जाती है.
वाहनों का दबाव बढ़ने पर सड़क पर आवागमन बाधित हो जाता है और जाम की स्थिति बन जाती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है.
स्कूल खुलने और छुट्टी के समय बढ़ता है वाहनों का दबाव
पुराना बाजार होकर करीब आठ स्कूलों के विद्यार्थियों और कई स्कूल वाहनों की आवाजाही होती है. स्कूल खुलने और छुट्टी के समय सड़क पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है. सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण इस दौरान जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि क्षेत्र में व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा उपलब्ध करा दी जाये, तो सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग कम होगी और जाम की समस्या भी काफी हद तक दूर हो सकती है.
रेलवे की जमीन पर पार्किंग बनाने का सुझाव
पुराना बाजार क्षेत्र में रेलवे की काफी जमीन उपलब्ध है. स्थानीय लोगों का सुझाव है कि रेल प्रशासन उपलब्ध जमीन पर पार्किंग की सुविधा विकसित करे. इससे सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाने में मदद मिलेगी और मुख्य सड़क पर आवागमन सुचारू हो सकेगा.
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि पार्किंग की सुविधा विकसित होने से रेलवे को पार्किंग शुल्क के रूप में राजस्व भी प्राप्त हो सकता है.
पार्किंग के लिए रेलवे से होगा पत्राचार
गोमो दक्षिण पंचायत की मुखिया सतवंती कौर ने कहा कि पुराना बाजार में सड़क जाम की गंभीर समस्या है. इसके समाधान के लिए रेलवे के साथ जल्द पत्राचार कर पार्किंग बनाने की मांग की जायेगी, ताकि लोगों को जाम से राहत मिल सके.



