बरहरवा/साहिबगंज: उधवा प्रखंड के राधानगर पंचायत भवन सभागार में बुधवार को संकुल स्तरीय आजीविका सखी मंडल की वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में पंचायत के जनप्रतिनिधियों के साथ स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।
जानकारी के अनुसार, राधानगर संकुल के अंतर्गत चार पंचायतें आती हैं, जहां कुल 260 स्वयं सहायता समूह संचालित हैं। इन समूहों से 2,824 सदस्य जुड़ी हुई हैं। आमसभा में समूहों की वार्षिक आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया। साथ ही स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संचालित विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न आजीविका गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। महिलाओं को मुर्गी पालन सहित अन्य स्वरोजगार गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं और युवाओं को कौशल विकास तथा रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मौके पर नेहा स्वर्णकार ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रही हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।
आमसभा के दौरान स्वयं सहायता समूहों की उपलब्धियों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में परवीन कुमार, सिद्धांत मंडल, हुमायूं मियां, अचिंत मंडल, पूनम कुमारी, पिंकी कुमारी, अमल मंडल, पिकाय घोष, मामुनि मंडल, मीना साहा, आशा देवी, चांदनी खातून, अंजू देवी, सुनीता देवी सहित दर्जनों महिलाएं उपस्थित थीं।



