20 से अधिक मरीजों की जांच, विशेषज्ञ चिकित्सक ने दिए बचाव के सुझाव
बरहरवा/साहिबगंज। प्रखंड के सिरासीन स्थित जामिया इस्लामिया हक्कानिया एहयाउल उलूम सोसाइटी के तत्वावधान में मंगलवार को एक दिवसीय निःशुल्क हृदय रोग जांच शिविर लगाया गया। शिविर में 20 से अधिक मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। हृदय रोग से संबंधित लक्षण पाए जाने पर मरीजों को आवश्यक उपचार और परामर्श दिया गया। मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर का समय सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक निर्धारित था, लेकिन मरीजों की संख्या को देखते हुए इसे अतिरिक्त समय तक जारी रखा गया। इस दौरान उच्च रक्तचाप, रक्त शर्करा, बीएमआई, सीरम कोलेस्ट्रॉल और एचडीएल सहित विभिन्न जांच की गईं।
गंभीर मामलों की जांच विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. गया प्रसाद शर्मा, एमबीबीएस (पूर्व एम्स, दिल्ली) ने की। उन्होंने हृदय रोग से बचाव के लिए नियमित व्यायाम, पैदल चलने, तनाव कम रखने तथा तंबाकू और शराब से दूर रहने की सलाह दी। 30 वर्ष की उम्र के बाद नियमित स्वास्थ्य जांच कराने पर भी जोर दिया।
मौके पर सोसाइटी के अध्यक्ष तारीक अजीज हक्कानी, लैब निदेशक उत्सव मंडल, मेरीनिला सोरेन, रीत कुमारी पासवान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



