राजमहल/संवाददाता। गांधी चौक के समीप सड़क किनारे दुकान लगाने वाले फुटपाथ दुकानदारों को आगामी त्योहारों को देखते हुए फिलहाल राहत मिली है। विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा के निर्देश पर विधायक प्रतिनिधि सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू की पहल पर दुकानदारों और नगर पंचायत प्रशासन के बीच वार्ता कर समाधान निकाला गया।
दरअसल, बीते दिनों नगर पंचायत प्रशासन की ओर से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। इसके बाद दुकानदारों के शिष्टमंडल ने विधायक के कार्यालय पहुंचकर रोजी-रोटी और त्योहारों के दौरान दुकानदारी को लेकर राहत देने की मांग की थी।
इसके बाद नगर पंचायत उपाध्यक्ष ने अपने कार्यालय में दुकानदारों एवं नगर पंचायत पदाधिकारियों के साथ बैठक कराई। बैठक में सशर्त दुकान लगाने की अनुमति दी गई। तय शर्तों के अनुसार दुकान सड़क से पांच फीट पीछे लगानी होगी और दुकान का सामान सड़क पर नहीं रखा जाएगा। प्रत्येक दुकान में डस्टबिन रखना भी अनिवार्य होगा।
बताया गया कि यह राहत फिलहाल आगामी त्योहारों को देखते हुए दी गई है। नगर पंचायत की ओर से वैकल्पिक मार्केट की व्यवस्था होने पर दुकानदारों को वहां स्थानांतरित किया जाएगा। मौके पर कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अयुब अली सहित कई दुकानदार मौजूद रहे।



