साहिबगंज। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (एसबीआई आरसेटी), साहिबगंज के तत्वावधान में मंडल कारा में आयोजित 13 दिवसीय कृषि उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कृषि आधारित स्वरोजगार, उद्यमिता, व्यवसाय योजना, लागत-लाभ आकलन, विपणन और वित्तीय प्रबंधन की जानकारी दी गई। साथ ही कृषि उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और आय के नए स्रोत विकसित करने के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। समापन समारोह में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को प्राप्त ज्ञान का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। एसबीआई आरसेटी की ओर से कहा गया कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



