महिला उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार और बाजार से जोड़ने पर जोर
साहिबगंज। ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मजबूत करने के उद्देश्य से जिला पंचायती राज कार्यालय सभागार में झारखंड इन्क्यूबेटर कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय लॉन्च-कम-ओरिएंटेशन कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यक्रम में महिला उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार, प्रशिक्षण, नवाचार, ब्रांडिंग और बाजार से जुड़ने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका किस्कू, उपायुक्त दीपक कुमार दूबे, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्र तथा आईआईएम कलकत्ता इनोवेशन पार्क के रिसोर्स पर्सन आलोक रंजन मौजूद रहे। जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक मतीन तारिक सहित विभिन्न पदाधिकारी और महिला उद्यमियों ने भी भाग लिया।
150 उद्यमियों का होगा चयन :
कार्यशाला में बताया गया कि विनिर्माण और सेवा क्षेत्र से 150 उद्यमियों का चयन किया जाएगा। पात्र उद्यमियों को व्यवसाय की जरूरत के अनुसार 10 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता, अनुदान अथवा ब्याज-मुक्त ऋण उपलब्ध कराने का प्रावधान है।

प्रशिक्षण और बाजार से मिलेगा जुड़ाव :
चयनित उद्यमियों को विशेषज्ञों द्वारा व्यक्तिगत मार्गदर्शन, व्यवसाय विकास, उत्पाद गुणवत्ता, ब्रांडिंग और बाजार की समझ से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। नेटवर्किंग एवं बाजार संपर्क के माध्यम से उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने पर भी जोर रहेगा। इच्छुक पात्र उद्यमी 15 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाकर उनके व्यवसाय को स्थायी रूप से मजबूत करना है।



