मरे हुए कुत्ते को नदी में बहाने गए थे घाट, करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने निकाला शव
राजमहल। राजमहल थाना क्षेत्र के नमामि गंगे सीढ़ी घाट पर रविवार सुबह दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय शंकर रविदास की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उनका शव नदी से बाहर निकाला। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, सकरंडा निवासी शंकर रविदास 31 अक्टूबर की रात सड़क हादसे में मरे कुत्ते को ठिकाने लगाने के लिए ग्रामीणों से चंदा इकट्ठा कर रविवार सुबह करीब नौ बजे घाट पहुंचे थे। कुत्ते को नदी में दूर बहाने के लिए वह तैरकर आगे गए, लेकिन लौटने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से डूब गए।
घटना की सूचना पर ग्रामीण घाट पहुंचे और काफी प्रयास के बाद शव बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।



