बरहरवा: शेरशाहबादी समाज को जाति प्रमाण पत्र पुनः निर्गत करने की मांग को लेकर बरहरवा प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में जारी अनिश्चितकालीन महाधरना रविवार को 14वें दिन भी जारी रहा। लगातार दो सप्ताह से अधिक समय से चल रहे इस आंदोलन में समाज के लोगों का उत्साह और सहभागिता लगातार बढ़ती जा रही है। बड़ी संख्या में समाज के लोग धरनास्थल पर जुटकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद कर रहे हैं। धरना के 14वें दिन राजमहल सांसद विजय हांसदा आंदोलन स्थल पहुंचे और आंदोलनकारियों को अपना समर्थन दिया। सांसद ने कहा कि शेरशाहबादी समाज की यह समस्या केवल एक समुदाय का मुद्दा नहीं, बल्कि क्षेत्र की बड़ी आबादी से जुड़ा मामला है, जिसका समाधान होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से इस मामले को लेकर पूर्व में दो बार पत्राचार किया जा चुका है तथा जिला स्तर से संबंधित प्रखंडों और अंचलों को दिशा-निर्देश भी भेजे गए थे। इसके बावजूद प्रमाण पत्र निर्गत नहीं हो पाने के कारण लोगों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। सांसद ने कहा कि पहले यह प्रमाण पत्र निर्गत होता था, लेकिन बीच के वर्षों में प्रक्रिया बंद हो जाने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामसभा के माध्यम से इस समस्या का समाधान संभव है और स्थानीय पदाधिकारी इस दिशा में पहल कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर उनकी उपायुक्त साहिबगंज से बातचीत हुई है। उपायुक्त ने जिले के सभी अंचल अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया है तथा इसके लिए दो दिन का समय मांगा है। सांसद ने आंदोलनकारियों से धैर्य रखने और प्रशासन को समय देने की अपील की। साथ ही कहा कि यदि इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं होता है, तो वे आंदोलनकारियों के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। धरना स्थल पर प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल गफूर, नगर अध्यक्ष धर्मवीर कुमार महतो, प्रदीप साहा, मो. इश्तियाक, मो. आजमाइल, मसूद आलम, वसीम अख्तर, फारुक आलम, महफूज आलम, सलमान ताहिर, नदीम अख्तर, आमिर हमजा, वसीम अकरम, तैय्यब शेख, तोफाइल शेख, मुस्तकीम शेख, मोसब्बर आलम, परवेज आलम सहित समाज के कई गणमान्य लोग, छात्र-युवा एवं सैकड़ों आंदोलनकारी उपस्थित थे।




