साहिबगंज: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़ी कोदरजन्ना नया टोला में शुक्रवार देर रात बाढ़ के पानी में डूबने से 60 वर्षीय पुष्पा देवी की मौत हो गई। वह मुरारी मंडल की पत्नी थीं। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि बाढ़ के पानी से घिरे घर से पुष्पा देवी रात में शौचालय जाने के लिए निकली थीं। इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। काफी देर तक उनके वापस नहीं लौटने पर परिवार के सदस्यों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पानी में उनका शव मिला।
शौचालय जाने के दौरान हुआ हादसा
मृतका के पति मुरारी मंडल ने बताया कि उनका घर चारों तरफ से बाढ़ के पानी से घिरा हुआ है। शुक्रवार रात पुष्पा देवी अकेले शौचालय के लिए घर से बाहर गई थीं।
इसी दौरान रास्ते में पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण वह गहरे पानी में चली गईं। काफी समय तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास तलाश की, जहां पानी में उनका शव बरामद हुआ।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआइ अखिलेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पुष्पा देवी के परिवार में एक पुत्र और चार पुत्रियां हैं। महिला की मौत से परिवार में गम का माहौल है।
पांच दिनों में बाढ़ में तीन मौत
साहिबगंज प्रखंड के कई ग्रामीण क्षेत्र फिलहाल बाढ़ की चपेट में हैं। जगह-जगह पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं, बाढ़ के पानी में डूबने की घटनाएं भी चिंता बढ़ा रही हैं।
पिछले पांच दिनों के दौरान अलग-अलग घटनाओं में एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे हादसों के कारण बाढ़ प्रभावित गांवों के लोगों में भय का माहौल है।
7 सितंबर को जीछु राम की गई थी जान
इससे पहले 7 सितंबर को बड़ी कोदरजन्ना गांव में 56 वर्षीय जीछु राम, पिता धन्नी राम, की भी बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई थी।
अब इसी इलाके में कुछ ही दिनों के भीतर दूसरी मौत होने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
छह सितंबर से छह वर्षीय बच्ची लापता
6 सितंबर को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कृष्ण प्रसाद दियारा में नहाने के दौरान छह वर्षीय कंचन कुमारी गहरे पानी में डूब गई थी। हादसे के बाद से बच्ची लापता है और कई दिनों की तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल पाया है।
बाढ़ और नदी के बढ़े जलस्तर के बीच लगातार सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में पुलिस और एनडीआरएफ सक्रिय
मुफस्सिल थाना प्रभारी अनीश पांडे ने बताया कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में एनडीआरएफ की टीम भी भ्रमण कर स्थिति पर नजर रख रही है।
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे बाढ़ के पानी में बेवजह न जाएं। खासकर बच्चों को नदी, गहरे पानी और जलजमाव वाले स्थानों से दूर रखने की सलाह दी गई है।



