ओरमांझी काली मंदिर में रात के अंधेरे में चोरी की घटना हुई. चोरों ने ताला तोड़कर 2 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण उड़ा लिए. पुलिस जांच में जुटी है.
Ranchi Crime: ओरमांझी काली मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. मंदिर से एक सोने की चेन, बड़ा और छोटा चांदी का हार तथा एक चांदी की चूड़ी गायब है. चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब दो लाख रुपए आंकी गई है. मामले को लेकर मंदिर के पुजारी जय प्रकाश दुबे ने ओरमांझी थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.
सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी तो टूटा मिला ताला
पुजारी जय प्रकाश दुबे के अनुसार, वह शाम में पूजा करने के बाद मंदिर में ताला लगाकर घर चले गए थे. सुबह मंदिर की साफ-सफाई के लिए पहुंचे, तो मंदिर का ताला टूटा हुआ मिला. अंदर जाकर देखा तो काली मां की मूर्ति के आसपास का सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर एक सोने की चेन, बड़ा-छोटा चांदी का हार और एक चांदी की चूड़ी गायब मिली. पुजारी ने आवेदन में चोरी गये सामान की कीमत करीब दो लाख रुपए बताई है.
डीएसपी और थाना प्रभारी ने किया मंदिर का मुआयना
घटना की सूचना मिलते ही सिल्ली डीएसपी मनीष चंद्र लाल और ओरमांझी थाना प्रभारी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने मंदिर का मुआयना किया और घटना की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है.



