Dumka News: उत्तम फाइनेंस कंपनी पर लोन और घरेलू सामान देने का झांसा देकर पैसे लेने का आरोप लगाते हुए हंसडीहा में महिलाओं ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
हंसडीहा ( दुमका )। उत्तम फाइनेंस कंपनी द्वारा लोन और घरेलू सामान उपलब्ध कराने का झांसा देकर पैसे लेने के आरोप को लेकर शनिवार को हंसडीहा में महिलाओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित महिलाओं ने हंसडीहा थाना के सामने सड़क जाम कर दिया।
जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि उत्तम फाइनेंस कंपनी की ओर से हंसडीहा और सरैयाहाट क्षेत्र में लोगों को लोन तथा घरेलू सामान उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया था।
इसके एवज में कई लोगों से पैसे लिए गए, लेकिन लंबे समय बाद भी न तो लोन मिला और न ही घरेलू सामान उपलब्ध कराया गया। पीड़ितों का आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर भी उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा है।
महिलाओं ने बताया कि मामले को लेकर शुक्रवार को हंसडीहा कार्यालय के एक फाइनेंस कर्मी को पुलिस अपने साथ थाना ले गई थी। इसके बावजूद शनिवार तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई। इसी के विरोध में शनिवार को बड़ी संख्या में महिलाएं थाना पहुंचीं और सड़क जाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा जिन लोगों से पैसे लिए गए हैं, उनकी राशि वापस दिलाने की मांग की है।



