रांची के बरियातू स्थित सिनर्जी ग्लोबल हॉस्पिटल में महिला मरीज काजल की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया. परिजनों ने गलत दवा देने का आरोप लगाया, जबकि अस्पताल प्रबंधन ने किडनी फेल होने और दवा के रिएक्शन की बात कही.
रांचीः बरियातू स्थित सिनर्जी ग्लोबल हॉस्पिटल में सोमवार को महिला मरीज काजल की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया. परिजनों का आरोप था कि अस्पताल में गलत दवा देने के कारण महिला के शरीर में संक्रमण फैल गया, जिससे उसकी मौत हो गयी. हालांकि, अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि महिला की किडनी फेल थी और उसका डायलिसिस चल रहा था. इलाज के दौरान एक दवा से रिएक्शन होने के बाद दुर्लभ बीमारी की पुष्टि हुई थी.20 दिनों से चल रहा था इलाज
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, महिला को करीब 20 दिन पहले भर्ती कराया गया था. उसकी किडनी फेल थी, जिसके कारण डायलिसिस किया जा रहा था. उसे आइसीयू में रखकर इलाज किया जा रहा था. प्रबंधन का दावा है कि महिला की स्थिति में सुधार हो रहा था और उसे छुट्टी देने की तैयारी की जा रही थी. इसी दौरान एक दवा से रिएक्शन हुआ. बाद में एक दुर्लभ बीमारी की पुष्टि हुई.
बकाया राशि माफ करने के बाद शव लेकर गये परिजन
अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, महिला के इलाज पर नौ से 10 लाख रुपये खर्च हुए थे, लेकिन परिजनों ने पूरी राशि का भुगतान नहीं किया था. महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया. इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने बकाया राशि माफ कर दी. इसके बाद परिजन महिला का शव लेकर चले गये.



