चैंबर प्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी के कार्यों की सराहना की, गश्त बढ़ाने समेत 9 सूत्री मांगपत्र सौंपा
साहिबगंज। नगर थाना परिसर में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता के नेतृत्व में ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों एवं प्रमुख व्यापारियों की बैठक हुई। चैंबर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने थाना प्रभारी के सुदृढ़ एवं जनहितैषी पुलिस प्रबंधन की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देशन के प्रति आभार जताया।
बाजार में गश्त और नो-एंट्री में राहत की मांग:
आगामी दुर्गापूजा, दीपावली एवं छठ को देखते हुए चैंबर ने 9 सूत्री मांगपत्र सौंपा। इसमें मुख्य बाजार, बड़ा बाजार व स्टेशन रोड में नियमित गश्त, भीड़ एवं पार्किंग व्यवस्था, साइबर जागरूकता, सीसीटीवी निगरानी, महिला सुरक्षा के लिए पिंक पेट्रोलिंग, रंगदारी रोकने के लिए हेल्पलाइन, रात्रि गश्त बढ़ाने और बाहरी फेरीवालों के सत्यापन की मांग शामिल है। साथ ही मालवाहक वाहनों के लिए नो-एंट्री में राहत देने की मांग की गई। थाना प्रभारी ने मांगों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया।



