साहिबगंज बिजली कार्यालय में चोरों ने लाखों की चोरी को अंजाम दिया. CCTV फुटेज में दो संदिग्ध कैद हुए हैं. पुलिस उनकी तलाश कर रही है.
साहिबगंज.जिरवाबाड़ी थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित विद्युत विभाग के साहिबगंज अंचल कार्यालय में सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोर पंखे, लोहे के सामान सहित अन्य विभागीय सामग्री एक बोरी में भरकर ले गये. चोरी गये सामान की कीमत करीब 30 से 35 हजार रुपये आंकी गई है. कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं. पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है.सुबह कार्यालय खुला तो बिखरा मिला सामान
मंगलवार की सुबह कार्यालय का दरवाजा खोला गया, तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था. इसके बाद विभाग के कनीय अभियंता नील गगन ने दूरभाष पर पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
कनीय अभियंता ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध कार्यालय से सामान निकालते दिखाई दे रहे हैं. चोरों ने दूसरे कमरे का ताला भी तोड़ दिया था, लेकिन दरवाजा नहीं खोल पाने के कारण वहां रखे सामान की चोरी नहीं हो सकी.
लाल और काली शर्ट में दिखे संदिग्ध
थाना प्रभारी शशि सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और सीसीटीवी फुटेज खंगाला. प्रारंभिक तौर पर फुटेज में एक संदिग्ध लाल रंग और दूसरा काले रंग की शर्ट पहने दिखाई दे रहा है.
प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि संदिग्धों का संबंध कबाड़ के कारोबार से हो सकता है. हालांकि, उनकी पहचान और घटना में संलिप्तता की पुष्टि जांच के बाद ही होगी. लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है.
छह-सात माह पहले भी हुई थी कोशिश
विद्युत विभाग के अंचल कार्यालय में करीब छह से सात माह पहले भी चोरी की कोशिश की गई थी. अब दोबारा हुई घटना से कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और चोरी गये सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है.



