शिक्षकों की मनमानी का आरोप, 11:30 बजे स्कूल मिला बंद; बच्चों को नहीं मिल रहा मध्याह्न भोजन
मंडरो। प्रखंड के ग्राम पंचायत दामिनभीठा अंतर्गत संचालित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय तेतरिया पहाड़ की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक नियमित रूप से स्कूल नहीं आते हैं, जिससे पहाड़िया आदिम जनजाति के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सरकार की ओर से इन बच्चों की शिक्षा के लिए लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन विभागीय निगरानी के अभाव में योजनाओं का लाभ बच्चों तक नहीं पहुंचने का आरोप है।
सोमवार को पंचायत भ्रमण के दौरान पंचायत समिति सदस्य सुरेश पहाड़िया करीब 11:30 बजे विद्यालय पहुंचे। उस समय विद्यालय पूरी तरह बंद मिला। उन्होंने इसकी जानकारी मीडिया कर्मियों को दी। आसपास मौजूद बच्चों से स्कूल और शिक्षक के बारे में जानकारी लेने पर बच्चे शिक्षक का नाम तक नहीं बता सके।
नियमित स्कूल नहीं खुलने से मध्याह्न भोजन भी प्रभावित :

बच्चों ने बताया कि स्कूल नियमित रूप से नहीं खुलता है, जिसके कारण उन्हें मध्याह्न भोजन का लाभ भी नहीं मिल पाता। विद्यालय परिसर के आसपास भी गंदगी पसरी हुई थी।
पंचायत समिति सदस्य सुरेश पहाड़िया ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी उपायुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित वरीय अधिकारियों को दी जाएगी। अब देखना है कि विद्यालय संचालन में लापरवाही के आरोपों पर शिक्षा विभाग क्या कार्रवाई करता है।



