साहिबगंज/मंडरो। बच्चों में किताबों के प्रति रुचि बढ़ाने और पढ़ने की आदत मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार को यूएमएस श्री राम चौकी, पूर्वी मुस्लिम टोला में ‘रीड-ए-थॉन’ गतिविधि आयोजित की गई। यह कार्यक्रम झारखंड पठन अभियान-2026 के तहत ‘मेरे शब्द, मेरी कहानी’ अभियान के अंतर्गत पिरामल फाउंडेशन के सहयोग से हुआ। कार्यक्रम में पिरामल फाउंडेशन की टीम से रज़िया उमर, दीवाकर तिवारी और अनिरुद्ध सिंह शेखावत ने बच्चों के साथ सामूहिक पठन किया। विद्यालय के सहायक प्रभारी मोहम्मद अब्दुल अंसारी ने भी सहयोग किया। बच्चों ने विभिन्न पुस्तकों और कहानियों का सामूहिक रूप से पठन किया तथा पढ़ी गई कहानियों पर विचार साझा किए। इस दौरान बच्चों में खासा उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली। आयोजकों ने कहा कि किताबें केवल पढ़ाई का माध्यम नहीं, बल्कि ज्ञान, कल्पना और आनंद का स्रोत हैं। बच्चों को नियमित पठन के लिए प्रेरित किया गया।



