स्नातक प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में अनुपस्थित दर्शाए जाने से नाराज छात्रों ने मॉडल कॉलेज राजमहल में विरोध प्रदर्शन किया. वे विश्वविद्यालय से जल्द सुधार की मांग कर रहे हैं.
तीनपहाड़. परीक्षा में शामिल होने के बावजूद परिणाम में अनुपस्थित दर्ज किए जाने और अनुत्तीर्ण घोषित करने से नाराज छात्र-छात्राओं ने मॉडल कॉलेज राजमहल परिसर पहुंचकर विरोध जताया. विद्यार्थियों ने इसे परीक्षा परिणाम में गंभीर त्रुटि बताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द सुधार करने की मांग की है.
स्नातक प्रथम सेमेस्टर के परिणाम का मामला
मामला सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के अंतर्गत आयोजित स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा से जुड़ा है. यह परीक्षा सत्र 2025-2029 के लिए 6 मार्च 2026 से शुरू हुई थी. विद्यार्थियों के अनुसार, भौतिकी, रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान और प्राणी विज्ञान विषयों के छात्रों ने अपने-अपने मुख्य विषय की आंतरिक सैद्धांतिक परीक्षा दी थी. इसके बावजूद जारी परिणाम में प्राप्तांकों की जगह अनुपस्थित दर्ज कर उन्हें अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया.
आवेदन देने के बाद भी नहीं हुआ समाधान
कॉलेज परिसर में विरोध कर रहे छात्र-छात्राओं ने बताया कि परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी को लेकर 21 सितंबर 2026 को महाविद्यालय के प्राचार्य के माध्यम से विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक को सामूहिक आवेदन सौंपा गया था. इसके बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका. इसी को लेकर मंगलवार को दर्जनों छात्र-छात्राओं ने दोबारा व्यक्तिगत आवेदन जमा किए और कॉलेज परिसर में पहुंचकर अपनी नाराजगी जताई.
संशोधित अंक भेजने के बाद भी परिणाम में सुधार नहीं
विद्यार्थियों का कहना है कि कॉलेज प्रशासन की ओर से संशोधित अंकों से संबंधित जानकारी विश्वविद्यालय को भेजी जा चुकी है. इसके बावजूद परीक्षा परिणाम में अब तक सुधार नहीं किया गया है. विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले की जांच करने, गलत तरीके से दर्ज अनुपस्थिति को ठीक करने और संशोधित परिणाम जल्द जारी करने की मांग की है.
भविष्य को देखते हुए जल्द समाधान की मांग
कॉलेज परिसर पहुंचे प्रणव कुमार साहा, नीलिमा किशु, श्रेष्ठा साहा, शांभवी साहा, विक्रम कुमार, नेहा साहा, कशिश कुमारी, सपना रॉय, अंशु कुमार और प्रिंस कुमार सहित दर्जनों छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान करने की अपील की. विद्यार्थियों ने कहा कि परीक्षा परिणाम में हुई इस त्रुटि का जल्द सुधार किया जाना जरूरी है.



