राजमहल में घर से चांदी के गहने चोरी मामले का पर्दाफाश हुआ है. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी के आभूषण बरामद किए हैं. घटना का पूरा विवरण.
राजमहल. थाना क्षेत्र में घर से चांदी के गहने चोरी के मामले का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की निशानदेही पर चोरी के चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं. मंगलवार को एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी.
एक सितंबर को दर्ज हुई थी प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार, एक सितंबर 2026 को तुकई सोरेन के घर में चोरी की सूचना मिली थी. इस मामले में राजमहल थाना कांड संख्या 297/2026 के तहत बीएनएस की धारा 305 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामले के उद्भेदन और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी के लिए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
गुप्त सूचना पर कालापत्थर गांव में छापेमारी
अनुसंधान के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 12 अक्टूबर की रात कालापत्थर गांव स्थित विष्णु मंडल के घर में छापेमारी की. इस दौरान रायबाजार निवासी विष्णु मंडल को पकड़ा गया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर घर से चोरी के आभूषण बरामद किए गए.
चांदी के कंगन, सिकड़ी और पायल बरामद
पुलिस ने दो चांदी के कंगन, एक चांदी की सिकड़ी, लॉकेट सहित एक चांदी की सिकड़ी और एक जोड़ा चांदी की पायल बरामद की है. गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की गई.
छापेमारी दल में शामिल रहे ये पुलिसकर्मी
छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, ओम प्रकाश चौहान, पवन यादव, महादेव उरांव सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.



