किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और प्रशिक्षण-परिभ्रमण को प्रभावी बनाने पर जोर
साहिबगंज। समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त श्री दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में आत्मा शासकीय निकाय की बैठक हुई। बैठक में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में संचालित योजनाओं, प्रशिक्षण, कृषक परिभ्रमण और प्रत्यक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साथ ही वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
उपायुक्त ने कहा कि किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से जोड़ना प्राथमिकता है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण संस्थानों में प्रशिक्षण एवं अध्ययन भ्रमण कराने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में सब्जी उत्पादन, मधुमक्खी पालन और मशरूम उत्पादन के लिए किसानों को विभिन्न संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई।
प्रत्यक्षण कार्यक्रम के तहत मडुवा, सब्जी, चना, राजमा एवं मटर की खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। कृषक पाठशालाओं के माध्यम से भी उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी देने का निर्णय लिया गया।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, नाबार्ड, जेएसएलपीएस, भूमि संरक्षण, सहकारिता एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अब पढ़िए अगली खबर: Sahibganj: वीबी-जी राम जी के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण




