बरहेट/साहिबगंज। आवाज प्रतिनिधि। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को संपोषित दामिन हाई स्कूल, बरहेट के ऑडिटोरियम भवन में विश्व आदिवासी दिवस आयोजन समिति की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ पौधे में पानी डालकर किया गया।
शिक्षा और नशामुक्ति पर दिया जोर:
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रमुख बर्नार्ड मरांडी ने आदिवासी समाज के विकास के लिए शिक्षा, स्वस्थ जीवन, नशामुक्ति और अंधविश्वास से मुक्ति को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति विशेषकर युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने और बच्चों को उच्च शिक्षा से जोड़ने की अपील की। कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, गर्ल्स हाई स्कूल बरहेट सहित विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने आदिवासी गीतों पर आकर्षक नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।मौके पर पूर्व विधायक थॉमस सोरेन, सांसद प्रतिनिधि संजीव सामू हेंब्रम, बीडीओ बरहेट, थाना प्रभारी, सिदो-कान्हू के वंशज रूपचंद मुर्मू, पूर्व कोषाध्यक्ष पुसा टुडू, सुनिराम हांसदा, लुखिराम हेंब्रम, समदा सोरेन, देव सोरेन सहित विभिन्न पंचायतों के ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग मौजूद रहे।




