साहिबगंज। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस में थर्ड एसी कोच शामिल किया गया है। शनिवार को थर्ड एसी, एसी चेयर कार के साथ ट्रेन अपने निर्धारित समय सुबह 5:20 बजे साहिबगंज स्टेशन से हावड़ा के लिए रवाना हुई। थर्ड एसी कोच जुड़ने से यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला।ट्रेन के रवाना होने से पूर्व गाड़ी प्रदीपन एवं वातानुकूलन कार्यालय, साहिबगंज के वरीय अनुभाग अभियंता प्रमोद कुमार मंडल ने विधिवत नारियल व लड्डू चढ़ाकर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान बाबा विश्वकर्मा के जयकारे लगाए गए।वहीं, ट्रेन में शामिल एसी कोच की स्कॉर्टिंग एवं निगरानी के लिए जयप्रकाश वर्मा और कुंदन कुमार भी ट्रेन के साथ हावड़ा के लिए रवाना हुए।

मौके पर सहायक यांत्रिक अभियंता पवन कुमार सिंह, कैरिज एंड वैगन साहिबगंज के इंचार्ज गुरुदेव प्रसाद शाह, एसएसई सुभाष पासवान, राहुल कुमार, सुबोध मिश्रा, एमसीएम राजकुमार राम सहित आरपीएफ के अधिकारी-जवान एवं अन्य रेल कर्मचारी मौजूद रहे।वहीं, मेसर्स रिलाएबल कांक्रीट कॉरपोरेशन के सुपरवाइजर रंजीत कुमार पासवान के नेतृत्व में उनके सहयोगियों ने ट्रेन की साफ-सफाई का कार्य पूरा किया।

जेएमएम नेताओं की पहल पर हुआ फैसला
साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी में थर्ड एसी कोच जोड़ने को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा और विधायक एमटी राजा की पहल भी महत्वपूर्ण रही। यात्रियों की सुविधा और लंबे समय से उठ रही मांग को देखते हुए रेलवे की ओर से इंटरसिटी में थर्ड एसी थ्री-टियर कोच लगाने का निर्णय लिया गया।
नए कोच में साहिबगंज से यात्रियों को एसी थ्री-टियर में यात्रा की सुविधा मिलेगी। बताया गया कि यह कोच रामपुरहाट से हावड़ा तक भी यात्रियों के लिए उपयोगी रहेगा, जिससे इस रूट के यात्रियों को वातानुकूलित श्रेणी में अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिल सकेगा।
थर्ड एसी कोच के शामिल होने से साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी में यात्रियों को अब अधिक सुविधाजनक और आरामदायक सफर का विकल्प उपलब्ध हो गया है।




