अल्ट्रासाउंड, दवा वितरण और साफ-सफाई की व्यवस्था जांची; चिकित्सकों को समय पर ड्यूटी पहुंचने की हिदायत
साहिबगंज। सदर अस्पताल में मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों के बीच उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने शनिवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। खास बात यह रही कि निरीक्षण की पूर्व सूचना अस्पताल प्रबंधन को नहीं दी गई। उपायुक्त ने अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. देवेश कुमार के साथ विभिन्न विभागों का जायजा लिया और व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति देखी।निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, बायोमेट्रिक हाजिरी, मरीजों की सुविधा, बेड व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल की स्वच्छता की जांच की गई। प्रशासन की ओर से सामने आई कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार और कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अल्ट्रासाउंड सेवा को लेकर मिली शिकायतों पर सख्तीअस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा के नियमित रूप से संचालित नहीं होने को लेकर मरीजों की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। निरीक्षण के दौरान इस व्यवस्था की भी पड़ताल की गई। इसके अलावा दवा वितरण व्यवस्था में कमियों को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई और कारण बताने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने अस्पताल में उपलब्ध जेनेरिक दवाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मरीजों को बाहर से दवा खरीदने की जरूरत कम पड़े। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्धारित समय पर अस्पताल पहुंचने तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का लाभ मरीजों को नियमित रूप से मिले, इसके लिए व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी।




