झारखंड में निजी अस्पतालों के लिए नए नियम लागू हो रहे हैं. अब मरीजों को 72 घंटे के भीतर मेडिकल रिकॉर्ड उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा.
Jharkhand Private Hospital Rules: निजी अस्पतालों में मरीजों के इलाज से जुड़ी जानकारी और मेडिकल रिकॉर्ड समय पर उपलब्ध नहीं कराने की शिकायतें सामने आती रही हैं. ऐसे में अस्पतालों के पंजीकरण और उनके कामकाज की निगरानी की व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की जरूरत महसूस की गई है. इसे लेकर झारखंड में पंजीकरण और निगरानी की व्यवस्था में बदलाव की तैयारी है. नई व्यवस्था में मरीजों के अधिकारों को लेकर भी प्रावधान किए जा रहे हैं.मरीज या उसके अधिकृत परिजन की मांग पर अस्पताल को 72 घंटे के भीतर मेडिकल रिकॉर्ड उपलब्ध कराना होगा. इसके अलावा अस्पतालों और क्लिनिकों की जानकारी का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने तथा नियमों के पालन की निगरानी को मजबूत किया जाएगा. अब इन संस्थानों के पंजीकरण से लेकर उनकी निगरानी तक की प्रक्रिया ऑनलाइन करने पर जोर दिया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है. समिति एक सप्ताह में मसौदा तैयार करेगी.
अब क्या बदलाव होंगे
समिति मौजूदा नियमों में संशोधन का प्रस्ताव तैयार करेगी. समिति की अध्यक्षता स्वास्थ्य विभाग की विशेष सचिव डॉ नेहा अरोड़ा करेंगी. इसमें अपर सचिव शशि प्रकाश सिंह, निदेशक प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं डॉ सिद्धार्थ सान्याल, संयुक्त सचिव अनुज कुमार प्रसाद और केपीएमजी के प्रतिनिधि शामिल हैं. प्रस्तावित व्यवस्था के तहत अस्पतालों और क्लिनिकों के पंजीकरण, उनके रिकॉर्ड और नियमों के अनुपालन की निगरानी को अधिक व्यवस्थित और डिजिटल बनाने पर जोर रहेगा. मरीजों को मेडिकल रिकॉर्ड समय पर उपलब्ध कराने से जुड़े प्रावधान भी इसमें शामिल किये जा रहे हैं.
ऐसे हुई इसकी शुरुआत
रांची निवासी एक व्यक्ति ने अपने पिता की वर्ष 2017 में एक निजी अस्पताल में हुई मृत्यु के बाद इलाज से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड मांगा था, लेकिन उन्हें रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया गया. इसके बाद उन्होंने झारखंड हाइकोर्ट में याचिका दाखिल की. इसके बाद मेडिकल संस्थानों के पंजीकरण और निगरानी की व्यवस्था को लेकर अदालत में मामला आगे बढ़ा. झारखंड हाइकोर्ट ने राज्य में संचालित सभी अस्पतालों और क्लिनिकों का रजिस्टर तैयार करने और उसे लगातार अपडेट करने का निर्देश दिया है. अदालत ने नियमित निगरानी के लिए विशेषज्ञों की फ्लाइंग स्क्वॉड बनाने का सुझाव भी दिया है.



