यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण पलामू जिले में सभी सरकारी बैंक बंद रहे, जिससे लगभग 100 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ। बैंककर्मी सप्ताह में पांच दिन काम और पीएलआई में संशोधन जैसी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।
संवाद सूत्र, मेदिनीनगर (पलामू)। यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) व ऑल इंडिया रीजनल रूरल बैंक ईम्पलाईज एसोसिएशन के आहृान पर कई मांगों को लेकर शुक्रवार को आहूत राष्ट्रव्यापी हड़ताल का पलामू जिले में व्यापक असर पड़ा। जिला के सभी सरकारी बैंकों में दिनभर ताला लटकता रहा।
बैंक अधिकारी व कर्मचारी अपनी-अपनी शाखाओं के बाहर प्रदर्शन कर मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। एसोसिएशन की मांग है कि बैंक कर्मियों से सप्ताह में पांच दिन काम लिया जाए। प्रोफिट लिंक इंसेंटिव (पीएलआई) में संशोधन किया जाए।
इस एक दिनी हड़ताल के कारण जिले के एक दर्जन से अधिक बैंकों की लगभग 200 शाखाओं का कामकाज पूरी तरह ठप रहा। इधर झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक की सभी 73 शाखाएं बंद रहीं। हड़ताल के कारण पलामू जिला में करीब 100 करोड़ रुपए का लेन-देन प्रभावित हुआ। चेक क्लीयरेंस बाधित रहने से खासकर व्यवसायी वर्ग को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बैंक से जुड़े सभी दैनिक कार्य पूरी तरह प्रभावित रहे। हड़ताल के कारण बैंकों में लटके ताला देखकर दूर-दराज से आए ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को काफी परेशानी हुई। कई ग्रामीणों को हड़ताल की जानकारी नहीं थी। इस कारण वे रुपए निकालने व अन्य कार्यों के लिए बैंक पहुंचे थे। शाखाएं बंद देखकर उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
भारतीय स्टेट बैंक की कचहरी रोड स्थित मुख्य शाखा के बाहर हुए प्रदर्शन का नेतृत्व पटना सर्किल के उपाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार देव ने किया। इस प्रदर्शन में ओमप्रकाश दुबे, दुर्गेश कुमार, अनुप कुमार सिंह, पंकज राज, मनीष राज,अविनाश कुमार सिंह, दीपू कुमार, बाला बिगनेश जतीन प्रकाश,संजय कुमार,रोहित सिंह, नवीन सिंह, विनय राजहंस, आकाश कुमार, संजय कुमार राम, दिनेश कुमार, निलेश कुमार, रविशंकर प्रसाद,पंकज कुमार, सत्यदेव भगत,अविनाश कुमार समेत अन्य कर्मचारी शामिल थे।
तीन दिन लगातार बंद रहेंगे बैंक
इस बार बैंक लगातार तीन दिनों तक बंद रहेंगे। इससे आम लोगों के साथ-साथ व्यवसायी वर्ग को भी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। शुक्रवार को हड़ताल के बाद महीने के दूसरे शनिवार (12 सितंबर), रविवार (13 जनवरी) को बैंक बंद रहेंगे।
ये बैंक रहे हड़ताल में शामिल
हड़ताल में भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, पंजाब एंड सिंध बैंक, झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक सहित सभी सरकारी बैंक शामिल रहे।



