उधवा। प्रखंड क्षेत्र में लगातार ट्रांसफार्मर खराब होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। उत्तर बेगमगंज पंचायत के मिस्त्री टोला गांव में शुक्रवार देर रात 25 केवीए के ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर जलकर पूरी तरह खराब हो गया, जिसके बाद गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीण उपभोक्ताओं के अनुसार, करीब 20 दिन पहले ही ट्रांसफार्मर में खराबी आई थी। इसकी जानकारी बिजली विभाग को देते हुए लिखित आवेदन के माध्यम से नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की गई थी। हालांकि, विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर की मरम्मत कर किसी तरह बिजली आपूर्ति बहाल की गई थी। कुछ दिनों बाद ही दोबारा ट्रांसफार्मर में आग लगने से समस्या गंभीर हो गई। बताया गया कि उक्त ट्रांसफार्मर से करीब 50 से 60 परिवारों को बिजली मिलती थी। ट्रांसफार्मर जलने के बाद उमस भरी गर्मी में ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड होने के कारण बार-बार खराबी और जलने की समस्या सामने आती है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से 25 केवीए के ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह कम से कम 100 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में बार-बार बिजली संकट की स्थिति उत्पन्न न हो।
सिंहटोला में भी बिजली आपूर्ति ठप
इधर, दक्षिण बेगमगंज पंचायत के सिंहटोला गांव में भी 25 केवीए के ट्रांसफार्मर में गुरुवार देर रात अचानक खराबी आ गई। इसके बाद गांव में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। ग्रामीणों के सामने बिजली संकट की स्थिति बनी हुई है। लोगों ने विभाग से जल्द से जल्द खराब ट्रांसफार्मर की मरम्मत अथवा नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है।



