शहीद सहायक अवर निरीक्षक चंद्राय सोरेन की स्मृति में पुलिस लाइन में स्थापित हुआ पुस्तकालय
साहिबगंज। शिक्षक दिवस के अवसर पर साहिबगंज पुलिस परिवार की ओर से जिलेवासियों को ज्ञान का अनमोल उपहार दिया गया। पुलिस लाइन स्थित एसपी कार्यालय के दूसरे तल्ले पर ‘शहीद चंद्राय सोरेन पुस्तकालय’ का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ विधिवत पूजा-अर्चना, नारियल फोड़कर, फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन तथा शहीद सहायक अवर निरीक्षक चंद्राय सोरेन के तैलीय चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
कानून से लेकर धर्म और शिक्षा तक की किताबें:

एसपी ने बताया कि पुस्तकालय का नाम शहीद सहायक अवर निरीक्षक चंद्राय सोरेन की स्मृति में रखा गया है। यहां कानून की पुस्तकों के अलावा पुलिस विभाग से संबंधित परिपत्र, धार्मिक साहित्य, महापुरुषों की जीवनी और शिक्षा से जुड़ी पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। पुस्तकालय में करीब 10 हजार पुस्तकें उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इसकी सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से रहेगी।
पुलिसकर्मियों के साथ आम लोग भी कर सकेंगे अध्ययन:
एसपी ने कहा कि कार्यालय दिवस में जिले का कोई भी व्यक्ति पुस्तकालय में आकर अध्ययन कर सकता है। पुलिस पदाधिकारी और जवान भी इसका लाभ उठा सकेंगे। उद्घाटन के बाद एसपी ने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों का जायजा लिया। वहीं, स्कूली छात्र-छात्राओं को एसपी कार्यालय और वहां संचालित विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कराया गया तथा उनके कार्यों की जानकारी दी गई।
इस दौरान विद्यार्थियों ने पुस्तकालय को उपयोगी बताते हुए कहा कि उन्हें विभिन्न प्रकार की पुस्तकें देखने को मिलीं और एसपी कार्यालय के अलग-अलग विभागों के कार्यों की जानकारी भी प्राप्त हुई।
शहीद चंद्राय सोरेन की स्मृति में पहले भी बना है भवन:
शहीद सहायक अवर निरीक्षक चंद्राय सोरेन की स्मृति को पुलिस विभाग ने पहले भी सम्मान दिया है। पुलिस लाइन परिसर स्थित बैरक में उनके नाम से पूर्व में भवन का निर्माण कराया जा चुका है। अब उनकी स्मृति में पुस्तकालय स्थापित कर पुलिस विभाग ने उनके योगदान और बलिदान को एक और सम्मानजनक स्मृति से जोड़ा है।
मौके पर मुख्यालय डीएसपी रविकांत साव, राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी, मेजर रोहित दुबे, नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर अमित गुप्ता, मुफ्फसिल थाना प्रभारी अनीश पांडे समेत कई थाना प्रभारी और पुलिस जवान मौजूद रहे।



