संवैधानिक आदर्शों एवं नागरिक कर्तव्यों के पालन का लिया संकल्प
साहेबगंज:-भारतीय संविधान के प्रति सम्मान एवं संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने के उद्देश्य से गुरुवार को बरहेट प्रखंड कार्यालय परिसर में संविधान दिवस पर शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी अंशु कुमार पांडेय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यालय के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया।
इस दौरान सभी ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को बनाए रखने तथा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। शपथ में सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, धार्मिक स्वतंत्रता तथा सभी नागरिकों को समान प्रतिष्ठा और अवसर प्रदान करने के संवैधानिक संकल्प को प्रमुखता दी गई।
बीडीओ अंशु कुमार पांडेय ने कहा कि संविधान भारत के लोकतंत्र को मजबूत आधार प्रदान करता है। यह देश के प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का बोध कराता है। संविधान के सिद्धांतों का पालन कर लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से अपने कार्यों में संवैधानिक मर्यादाओं, निष्पक्षता एवं जनहित की भावना को प्राथमिकता देने की अपील की। समारोह के दौरान संविधान के मूल सिद्धांतों और मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।



