शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए साहिबगंज के मनोहर शर्मा को मिला नालंदा शिक्षा गौरव सम्मान, पटना में बिहार के शिक्षा मंत्री ने किया सम्मानित।
साहिबगंज. साहिबगंज स्थित मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कन्या विद्यालय के शिक्षक मनोहर शर्मा को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धति एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पण के लिए शुक्रवार को प्रतिष्ठित ‘नालंदा शिक्षा गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया. पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की उपस्थिति में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया.
एआई और शिक्षा एक्सपो में मिला सम्मान
यह सम्मान समारोह वैश्विक एआई कौशल एवं शिक्षा एक्सपो के साथ आयोजित किया गया. इसमें शिक्षा जगत की प्रतिष्ठित कंपनियों, विश्वविद्यालयों, विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं तकनीकी संगठनों ने भागीदारी की. एक्सपो के माध्यम से आधुनिक शिक्षा प्रणाली, एआई तकनीक, नए शैक्षणिक नवाचारों, कौशल विकास और भविष्य की शिक्षा की संभावनाओं को समझने का अवसर मिला.
एआई से शिक्षा को बनाया जा सकता है प्रभावी
सम्मान प्राप्त करने पर मनोहर शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव ला रहा है. ऐसे आयोजन शिक्षकों को आधुनिक तकनीक एवं नवीन शिक्षण कौशल से जोड़ने के साथ विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने कहा कि एआई आधारित शिक्षण पद्धतियों से पढ़ाई को अधिक सरल, रुचिकर, प्रभावी एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाया जा सकता है.
नवाचारपूर्ण शिक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत
मनोहर शर्मा शिक्षा के क्षेत्र में गतिविधि आधारित शिक्षण, नवाचार, कम लागत वाली शिक्षण-अधिगम सामग्री और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत रहे हैं. उनकी इस उपलब्धि से साहिबगंज जिले के शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है. यह सम्मान मनोहर शर्मा की व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ साहिबगंज सहित पूरे झारखंड के लिए भी गौरव का विषय है.



