सावन की अंतिम सोमवारी पर मंगलहाट के शिवालयों में भक्तों का जनसैलाब उमड़ा. हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे मंदिर, जलाभिषेक कर मांगी सुख-समृद्धि.
प्रतिनिधि, मंगलहाट. सावन की अंतिम सोमवारी पर राजमहल प्रखंड क्षेत्र के मंगलहाट और आसपास के गांवों के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. गढ़तलाव गांव स्थित मुगलकालीन शिव मंदिर, नया बस्ती शिव मंदिर, मुन्ना पटाल, डेढ़गामा, कसवा, सरकंडा सहित अन्य शिवालयों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा.
हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय
सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर क्षेत्र के विभिन्न मंदिर परिसरों और आसपास के इलाके में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष गूंजते रहे. अहले सुबह से ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचने लगे थे. भक्तों ने कतार में लगकर भगवान भोलेनाथ का दर्शन-पूजन किया और शिवलिंग पर जल, दूध एवं बेलपत्र अर्पित कर जलाभिषेक किया.
जलार्पण कर मांगी सुख-समृद्धि की कामना
मंदिरों के बाहर सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. भक्तिभाव से श्रद्धालु भगवान शिव की पूजा-अर्चना में जुटे रहे. इस दौरान विभिन्न शिवालयों में पूजा-पाठ का सिलसिला जारी रहा.
श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. अंतिम सोमवारी को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा.



