रांची। झारखंड के सारंडा में सक्रिय रहे 2.20 करोड़ के इनामी माओवादी असीम मंडल की बंगाल में गिरफ्तारी के बाद अब उसके दस्ते के दो सदस्यों की भी बंगाल के मेदनीपुर जिले के सालबनी में गिरफ्तारी हो गई है।
गिरफ्तार माओवादियों में पांच लाख का इनामी माओवादियों का सब जोनल कमांडर मंगल सिंह सरदार उर्फ मंगल महतो उर्फ समीर उर्फ पांडेय व दो लाख की इनामी उसकी पत्नी माल्ती शामिल हैं। मंगल सिंह सरदार मूल रूप से बंगाल के ही झारग्राम जिले के बेलपहाड़ी थाना क्षेत्र के बिदरी का रहने वाला था और उसके विरुद्ध झारखंड के विभिन्न थानों में 11 कांड दर्ज थे।
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें वहीं, उसकी पत्नी बेलपहाड़ी थाना क्षेत्र के गोपीबल्लभपुर की रहने वाली थी। उसके विरुद्ध भी झारखंड के विभिन्न थानों में 11 कांड दर्ज थे। उनकी गिरफ्तारी के बाद अब झारखंड पुलिस की एक टीम बंगाल जाएगी और उनसे झारखंड में माओवादियों के माध्यम से छुाकर रखे गए हथियार, कारतूस आदि के बारे में जानकारी जुटाएगी। यह भी पता किया जाएगा कि उनके दस्ते के और कितने सदस्य बचे हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार झारखंड में माओवादी विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों की दबिश के बाद ये माओवादी झारखंड छोड़कर बंगाल भाग गए थे। दोनों छुपकर बंगाल में रह रहे थे। वहां बंगाल एसटीएफ ने गुप्त सूचना पर दोनों को गिरफ्तार किया है।


पूर्व में असीम मंडल सहित चार माओवादी हो चुके हैं बंगाल में गिरफ्तार
पूर्व में बंगाल एटीएस ने 2.20 करोड़ के इनामी माओवादी असीम मंडल सहित चार माओवादियों को गिरफ्तार कर लिया है। 17 सितंबर को असीम मंडल पकड़ा गया था।
उसके पूर्व 15 लाख के इनामी माओवादियों का रिजनल कमेटी सदस्य राम प्रसाद मार्डी, उसकी पत्नी 10 लाख की इनामी मीता उर्फ नयनतारा व एक लाख की इनामी सदस्य गौरी को बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार किया था। अब इसी दस्ते के इन दो माओवादियों की गिरफ्तारी के बाद असीम मंडल दस्ते का पूरी तरफ सफाया हो गया है।



