एलकेजी से दूसरी कक्षा तक के बच्चों ने गौशाला का भ्रमण कर ‘एक रोटी, गाय के नाम’ की भावना को समझा. बच्चों ने गायों को रोटी खिलाकर सीखा सेवा और करुणा का पाठ.
एलकेजी से दूसरी कक्षा तक के बच्चों ने किया गौशाला का भ्रमण
देवघर. गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, भंडारकोला में बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ मानवीय मूल्यों और संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से गौ सेवा की पहल की गयी. इसके तहत एलकेजी से कक्षा दो तक के दर्जनों नन्हे विद्यार्थियों ने गौशाला का भ्रमण किया. इस दौरान बच्चों ने अपनी मां के हाथों बनी रोटियां गायों को खिलाकर प्रेम, दया और सेवा का संदेश दिया. कार्यक्रम के माध्यम से ‘एक रोटी, गाय के नाम’ की भावना को बढ़ावा दिया गया.
गौ माता की आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ गौ माता की आरती के साथ हुआ. भक्तिमय वातावरण में बच्चों ने श्रद्धापूर्वक आरती में भाग लिया. इसके बाद उन्होंने अपने हाथों से गायों को रोटियां खिलायीं. गायों के करीब पहुंचकर उन्हें भोजन कराने का अनुभव बच्चों के लिए आनंददायक और यादगार रहा. इस दौरान उनके चेहरों पर उत्साह और खुशी साफ झलक रही थी.
बच्चों को सिखाया प्रेम, दया और सेवा का महत्व
इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को ‘एक रोटी, गाय के नाम’ की भावना से परिचित कराया गया. उन्हें समझाया गया कि प्रत्येक जीव प्रेम, देखभाल और सम्मान का हकदार है. गौ सेवा के माध्यम से बच्चों में करुणा, सहानुभूति और निस्वार्थ सेवा जैसे मानवीय गुण विकसित करने का प्रयास किया गया.
प्राचार्य सहित शिक्षिकाएं रहीं उपस्थित
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य मोहम्मद मुस्तफा मजीद, गौशाला से जुड़े पदाधिकारी ताराचंद जैन और उनका परिवार तथा विद्यालय की शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं. कार्यक्रम में संगीता बनर्जी, निधि, संगीता कुमारी, नेहा कुमारी, सुषमा शर्मा, प्रिया कुमारी केसरी, प्रियंका कुमारी, अंजनी कुमारी, प्रीति कुमारी, विजेता मिश्रा, श्वेता कुमारी मिश्रा, रुमाना इकबाल, नारायनी पांडे, निलिमा और भारती ने सहभागिता की.



