उधवा। उधवा प्रखंड स्थित प्लस टू हाई स्कूल मैदान में आयोजित उधवा प्रीमियर लीग (यूपीएल) सीजन-2 का तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ संपन्न हो गया। टूर्नामेंट में कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल में केएस स्पोर्ट्स-11 उधवा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाली रेस्टोरेंट-11 इंग्लिश को 26 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में हरियाली रेस्टोरेंट-11 इंग्लिश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी केएस स्पोर्ट्स-11 उधवा की टीम ने निर्धारित आठ ओवर में सात विकेट खोकर 112 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाली रेस्टोरेंट-11 इंग्लिश की टीम निर्धारित आठ ओवर में 86 रन ही बना सकी। इस तरह केएस स्पोर्ट्स-11 उधवा ने मुकाबला 26 रन से जीतकर यूपीएल सीजन-2 की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।समापन समारोह में मुख्य अतिथि युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष तनवीर राजा ने विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता टीम को अतिकुल इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रोपराइटर अतिकुल इस्लाम ने ट्रॉफी एवं 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की।टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए कावरिया रविदास को मैन ऑफ द सीरीज के साथ-साथ फाइनल मुकाबले का मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं अब्दुल हलीम को बेस्ट बैट्समैन तथा मो. हजरत को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार मिला। मुख्य अतिथि तनवीर राजा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जिसने भी मेहनत और लगन से प्रयास किया है, उसने सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए खेल के साथ शिक्षा भी बेहद जरूरी है। शिक्षा और खेल दोनों के माध्यम से युवा अपने जिले और देश में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।मौके पर आरिफ आलम, मो. मुर्सलिम, मीर करीम, कावरिया, राजा, इदरीस आलम, जसीम अख्तर, जिलानी, तारिक, समीर, प्रताप, अहमद, इंजमामुल, दिवाकर सहित आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद थे।



