विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दंत चिकित्सकों को दी कैंसर की शुरुआती पहचान और उपचार की जानकारी
साहिबगंज। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान और उचित उपचार को लेकर कोलकाता के प्रतिष्ठित देशुन अस्पताल की ओर से साहिबगंज के होटल हिल व्यू में एक दिवसीय मुख कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कोलकाता से पहुंचे कैंसर विशेषज्ञों ने साहिबगंज समेत आसपास के क्षेत्रों के दंत चिकित्सकों के साथ संवाद कर मुख कैंसर की शुरुआती पहचान, जांच और उपचार की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में देशुन अस्पताल के कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्नब रॉय और सिर एवं गर्दन कैंसर शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. रामानुज घोष ने बताया कि मुंह में लंबे समय तक घाव, सफेद या लाल धब्बे और असामान्य बदलाव जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे मामलों में समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सक से जांच कराना जरूरी है। गंभीर मरीजों को शल्य चिकित्सा एवं अन्य विशेष उपचार के लिए अस्पताल भेजने पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर साहिबगंज के मां शांति दंत चिकित्सालय के संचालक डॉ. अमित चंद्रा, डॉ. दीपक कुमार समेत कहलगांव, भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों के कई दंत चिकित्सक मौजूद रहे। स्थानीय चिकित्सकों ने भी अपने अनुभव साझा किए।
आयुष्मान कार्ड से निःशुल्क उपचार की सुविधा
अस्पताल के विशेषज्ञों ने बताया कि देशुन अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थी निर्धारित नियमों के तहत आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क उपचार का लाभ उठा सकते हैं। इससे जरूरतमंद मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं और मरीजों की देखभाल से संबंधित चलचित्र प्रदर्शन के साथ हुई। इसके बाद विशेषज्ञों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अस्पताल की सुविधाओं और मुख कैंसर के उपचार से संबंधित जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय दंत चिकित्सकों और कैंसर विशेषज्ञों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मरीजों को समय पर उचित उपचार से जोड़ना रहा।



