JSSC CGL परीक्षा में गड़बड़ी मामले में 3 आरोपियों की जमानत याचिका खारिज हो गई है. CID ने 37 को गिरफ्तार किया है, 100 से अधिक जांच के दायरे में हैं.
JSSC CGL Case: जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में आरोपी अभय तिवारी, समीर कुमार और राहुल कुमार को अदालत से झटका लगा है. अपर न्यायायुक्त योगेश कुमार की अदालत ने तीनों की जमानत याचिका खारिज कर दी. अभय तिवारी और समीर कुमार ने 28 अगस्त को, जबकि राहुल कुमार ने 29 सितंबर को जमानत के लिए याचिका दाखिल की थी.संगठित सिंडिकेट के जरिये गड़बड़ी का आरोप
सीआइडी के अनुसार, जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी एक संगठित सिंडिकेट के माध्यम से की गयी थी. जांच में सफल अभ्यर्थियों के अलावा कोचिंग संचालक और परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी के लोगों की भूमिका भी सामने आने की बात कही गयी है.
37 आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी
सीआइडी के अनुसार, मामले में अब तक 37 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. गिरफ्तार आरोपियों में सफल अभ्यर्थियों के अलावा कोचिंग संचालक और परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी से जुड़े लोग भी शामिल हैं. आरोपियों से पूछताछ के दौरान सीआइडी को कई अहम जानकारियां मिली हैं.
100 से अधिक अभ्यर्थी जांच के घेरे में
पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर सीआइडी मामले की जांच आगे बढ़ा रही है. वहीं, जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में 100 से अधिक अभ्यर्थी भी जांच के घेरे में हैं. सीआइडी इन अभ्यर्थियों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.



