राजमहल, पतना और बरहेट में योजनाओं की जांच, गुणवत्ता व सुचारु संचालन पर जोर
साहिबगंज। जिले में ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने को लेकर उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा की अध्यक्षता में संयुक्त तकनीकी एवं प्रशासनिक दल ने राजमहल, पतना और बरहेट प्रखंड की विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता, संरचनाओं की स्थिति तथा पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया गया।

उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए। साथ ही योजनाओं के नियमित संचालन एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने और तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, तकनीकी पदाधिकारी एवं संबंधित कनीय अभियंता मौजूद रहे। अधिकारियों ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति और प्रगति की जानकारी दी। प्रशासन का उद्देश्य हर घर तक नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना है।



