तालझारी की चार छात्राओं ने वुशू (सांडा) प्रतियोगिता में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया. 21 से 25 नवंबर तक रांची में होने वाली प्रतियोगिता में दिखाएंगी अपना दमखम।
तालझारी: कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, तालझारी की छात्राओं ने खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है. विद्यालय की चार छात्राओं का चयन वुशू (सांडा) प्रतियोगिता के लिए किया गया है. चयनित छात्राओं में अंजली कुमारी, शीला मरांडी, रजिया प्रवीण एवं ब्यूति मालतो शामिल हैं.
21 से 25 नवंबर तक रांची में प्रतियोगिता
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के गौरव सुमन ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता 21 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक रांची स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित होगी. इसमें झारखंड के सभी 24 जिलों से चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे.
छात्राओं के चयन से विद्यालय में खुशी
चारों छात्राओं के चयन से विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है. छात्राओं की इस उपलब्धि पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से उन्हें बधाई दी गई और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर साहिबगंज जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दी गईं.
ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा
ग्रामीण क्षेत्र की इन बेटियों की सफलता अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है. यह उपलब्धि साबित करती है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर बेटियां हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकती हैं.



