मुन्ना साह हत्याकांड में पीड़ित परिवार को जल्द मिलेगी आर्थिक मदद. पुलिस ने मुआवजा दिलाने की पहल तेज की है, न्यायालय को प्रस्ताव भेजा गया है.
साहिबगंज. मुन्ना साह हत्याकांड में पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की दिशा में पुलिस विभाग ने पहल तेज कर दी है. पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के स्तर से मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक विभागीय प्रक्रिया पूरी कर प्रस्ताव न्यायालय को भेज दिया गया है. अब न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित परिवार को मुआवजे की राशि मिलने की उम्मीद है. पुलिस विभाग आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी कराने का प्रयास कर रहा है, ताकि मृतक के परिजनों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके.
दो पुलिसकर्मियों पर लगे हैं हत्या के आरोप
गौरतलब है कि रविवार देर रात मुन्ना साह की हत्या के मामले में दो पुलिसकर्मियों पर आरोप लगे हैं. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था. एसआईटी की टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है. इसके साथ ही पुलिस वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने में लगी है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच के लिए एफएसएल और बैलेस्टिक जांच की प्रक्रिया भी की जा रही है.
हत्याकांड का अनुसंधान अंतिम चरण में
हत्याकांड के अनुसंधान को लेकर पुलिस की कार्रवाई तेज कर दी गई है. मामले से जुड़े साक्ष्यों, घटनाक्रम और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की जांच की जा रही है. केस डायरी तैयार करने की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में बताई जा रही है. एसआईटी की जांच के आधार पर घटना से जुड़े तथ्यों का मिलान किया जा रहा है, ताकि अनुसंधान को मजबूत बनाया जा सके.
एक ओर पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर पुलिस विभाग घटना के सभी पहलुओं की जांच पूरी करने में जुटा है. अब परिजनों को मुआवजे की राशि मिलने और एसआईटी की जांच पूरी होने का इंतजार है.



