उप विकास आयुक्त ने स्कूलों में निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की उपस्थिति जांची. मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता परखी और कम उपस्थिति पर जताई नाराजगी.
पतना : प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च विद्यालय रांगा जयंती, उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय बास्कोपहाड़ और उत्क्रमित उर्दू मध्य विद्यालय मोहब्बतपुर का उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा ने औचक निरीक्षण किया. उन्होंने कक्षाओं में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति पंजी, मध्याह्न भोजन, रसोई घर, पेयजल, शौचालय और विद्यालय भवन की स्थिति का जायजा लिया. मध्याह्न भोजन चखकर गुणवत्ता परखी और रसोई में साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया. कुछ जगहों पर कम उपस्थिति को लेकर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्रधानाध्यापकों को सुधार का निर्देश दिया.
शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचने का निर्देश
उप विकास आयुक्त ने कहा कि उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे के निर्देश पर जिले के सभी प्रखंडों के विद्यालयों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है. विद्यालयों में शैक्षणिक और आधारभूत व्यवस्थाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचकर पूरी निष्ठा से दायित्व निभाने और बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. प्रधानाध्यापकों को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग और साफ-सफाई बनाए रखने को कहा. मौके पर जिला शिक्षा अधीक्षक उर्मिला हांसदा समेत संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक व अन्य कर्मी मौजूद थे.



