बाल विवाह, श्रम और तस्करी रोकने पर जोर
बरहरवा/साहिबगंज। जिले में बाल संरक्षण व्यवस्था मजबूत करने को लेकर शनिवार को बरहरवा थाना प्रभारी रूपेश कुमार यादव के साथ समन्वय बैठक हुई। संरक्षण पदाधिकारी चंदा कुमारी के नेतृत्व में चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रतिनिधिमंडल ने बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी और बाल शोषण की रोकथाम तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए पुलिस, चाइल्ड हेल्पलाइन और बाल संरक्षण इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
बैठक में बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और बाल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान लोगों से अपील की गई कि बच्चों से संबंधित किसी भी संकट या शोषण की जानकारी मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर सूचना दें, ताकि जरूरतमंद बच्चों को समय पर सहायता मिल सके।



