कोल इंडिया ने ठेका मजदूरों के लिए दैनिक मजदूरी बढ़ाई है. वीडीए में संशोधन के साथ अकुशल से लेकर उच्च कुशल श्रेणी के मजदूरों की आय में इजाफा हुआ है. जानें नई दरें और कब से लागू होंगी.
रांची. कोल इंडिया लिमिटेड ने अपने खनन कार्यों में लगे ठेका मजदूरों के परिवर्तनशील महंगाई भत्ते (VDA) में संशोधन करते हुए मजदूरी दरों में बढ़ोतरी का कार्यालय आदेश जारी किया है. यह संशोधन 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक छह महीने की अवधि के लिए प्रभावी रहेगा.
औसत मूल्य सूचकांक बढ़ने से मिली राहत
कोल इंडिया के मानव संसाधन एवं औद्योगिक संबंध (एमपी एंड आइआर) विभाग द्वारा जारी इस आदेश के अनुसार, औद्योगिक श्रमिकों के लिए औसत मूल्य सूचकांक बढ़कर 431.42 हो गया है. इसी आधार पर ठेका श्रमिकों की दैनिक मजदूरी की दरों में इजाफा करने का फैसला लिया गया है.
श्रेणीवार जानिए कितनी बढ़ी रोजाना की मजदूरी:
- अकुशल (Unskilled): मूल वेतन 1,176 रुपये से बढ़ाकर 1,341 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है.
- अर्द्ध कुशल / अकुशल पर्यवेक्षी (Semi-Skilled / Unskilled Supervisory): मूल वेतन 1,206 रुपये से बढ़ाकर 1,375 रुपये प्रतिदिन किया गया है.
- कुशल (Skilled): मूल वेतन 1,236 रुपये से बढ़ाकर 1,409 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है.
- उच्च कुशल (Highly Skilled): मूल वेतन 1,266 रुपये से बढ़ाकर 1,443 रुपये प्रतिदिन करने का आदेश जारी किया गया है.
तमाम अनुषंगी कंपनियों में तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश
इस संशोधित आदेश को कोल इंडिया की सभी अनुषंगी कंपनियों— ईसीएल (ECL), बीसीसीएल (BCCL), सीसीएल (CCL), डब्ल्यूसीएल (WCL), एसईसीएल (SECL), एनसीएल (NCL), एमसीएल (MCL) और सीएमपीडीआई (CMPDI) में तत्काल प्रभाव से लागू करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं.



