साहिबगंज। संवाददाता। “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान के तहत सकरूगढ़ वार्ड नंबर 19 की पार्षद वर्षा कुमारी ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के बीच डिटॉल हैंडवॉश, साबुन और चॉकलेट का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों और अभिभावकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
वर्षा कुमारी ने कहा कि बरसात के मौसम में पानी उबालकर ढककर रखें और बच्चों को भी साफ पानी ही पिलाएं। भोजन करने और कुछ भी खाने से पहले साबुन या हैंडवॉश से हाथ अच्छी तरह धोने की आदत डालें। खेलकूद के बाद भी हाथ-पैर साफ करना जरूरी है।
उन्होंने घर और आसपास सफाई रखने, कचरा डस्टबिन में डालने तथा जलजमाव नहीं होने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जलजमाव से मच्छर-मक्खी पनपते हैं और बीमारियों का खतरा बढ़ता है। मौके पर आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, बच्चे और अभिभावक मौजूद रहे।



