शरद पूर्णिमा पर पतना के दिग्घी चौक और नया टोला में मां लक्खी की भव्य पूजा हुई. सुख-समृद्धि की कामना के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी.
पतना. शरद पूर्णिमा के अवसर पर रविवार की संध्या प्रखंड क्षेत्र के दिग्घी चौक और नया टोला गांव में मां लक्खी की भव्य प्रतिमा स्थापित कर पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई. देर शाम से ही दोनों पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुरोहितों ने पूजा संपन्न कराई.सुख-समृद्धि की कामना को लेकर उमड़े श्रद्धालु
पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और गांव की खुशहाली की कामना की. आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया. लोगों ने अपने घरों के द्वार पर आकर्षक रंगोली बनाकर मां लक्खी के चरण चिह्न उकेरे और विधिवत उनका स्वागत किया. पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. देर रात तक दोनों स्थानों पर भक्ति का माहौल बना रहा.
सोमवार को दोनों स्थानों पर लगेगा भव्य मेला

पूजा के उपलक्ष्य में सोमवार को दिग्घी चौक और नया टोला गांव में भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा. मेले में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. आयोजन को लेकर पूजा समितियों और ग्रामीणों ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं.
आयोजन में ग्रामीणों की रही सक्रिय भागीदारी
पूजा और मेला आयोजन को सफल बनाने में जितेंद्र यादव, संदीप भगत, झकसू साहा, हिदायत खान, बास्कीनाथ मंडल, अशोक मंडल, रंजन मंडल, सुजन मंडल, बापन मंडल और मानिक मंडल समेत दर्जनों ग्रामीण सक्रिय रूप से जुटे रहे.



