रांची में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
रांचीः झारखंड की राजधानी रांची के बीआईटी ओपी क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. वारदात करमा पूजा की रात को अंजाम दिया गया था. बुधवार को पीड़ित छात्रा ने मामले की जानकारी पुलिस को दी. जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोहरदगा के रहने वाले आरोपी बबलू को गिरफ्तार कर लिया है.
रांची के बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती के बाद 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा को करमा पूजा के दिन रात के समय में रोक कर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद बीआईटी मेसरा ओपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान लोहरदगा निवासी बबलू उरांव के रूप में हुई है.
सोशल मीडिया के जरिए एक महीने पहले हुई थी दोस्ती
पुलिस के अनुसार, नाबालिग छात्रा की आरोपी बबलू से सोशल मीडिया के माध्यम से एक महीने पहले ही दोस्ती हुई थी. दोनों के बीच बातचीत होने लगी थी. करमा पूजा घूमने के बहाने आरोपी ने छात्रा को अपने पास बुलाया और रात में जबरन उसे अपने ही कमरे में रोक लिया. इसी दौरान छात्रा के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया.
छात्रा किसी तरह बुधवार को अपने घर पहुंची और अपने परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी. परिजनों की ओर से मामले की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही बीआईटी मेसरा ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गई और पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी.
एफआईआर के बाद तत्काल कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
बीआईटी मेसरा ओपी प्रभारी अजय कुमार दास ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बबलू को गिरफ्तार कर लिया है. छात्रा ने आरोपी के बीच सोशल मीडिया के माध्यम से हुई बातचीत से जुड़ी सूचनाएं भी उपलब्ध करवाई हैं



