झारखंड उद्यान निदेशालय ने गुणवत्तापूर्ण फल, फूल और टिश्यू कल्चर पौधों की आपूर्ति के लिए 13 नर्सरियों को चिह्नित किया है। आम से लेकर ड्रैगन फ्रूट तक विभिन्न पौधों की एल-वन दरें तय की गई हैं, जिसके लिए आपूर्तिकर्ताओं से सहमति पत्र मांगे गए हैं।
रांची। झारखंड में गुणवत्तापूर्ण फल, फूल और टिश्यू कल्चर पौधा सामग्री की आपूर्ति के लिए उद्यान निदेशालय ने 13 नर्सरियों और एजेंसियों को चिह्नित किया है। इन्हें एल-वन दर पर सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस संबंध में उद्यान निदेशक ने संबंधित आपूर्तिकर्ताओं से सहमति पत्र मांगा है। कंपनियों से फलदार और फूलों के पौधों की दर का एग्रीमेंट किया जाएगा।
आम की विभिन्न किस्मों के पौधों की एल-वन दर 69 से 80 रुपये के बीच है। मालदा और बंबई की दर 80 रुपये, हिमसागर, कृष्णभोग और रत्नागिरी की 79 रुपये तथा दशहरी, मल्लिका, लंगड़ा और गुलाब खास की दर 78 रुपये निर्धारित की गई है। आम्रपाली और चौसा की दर 78 और 79 रुपये दर्ज है। नींबू और सिट्रस की विभिन्न किस्मों के पौधों की एल-वन दर करीब 60.50 से 64 रुपये है। इसमें कागजी नींबू, नेपाली राउंड, कागजी खट्टा और गोंदराज जैसी किस्में शामिल हैं। अमरूद के पौधों की दर 65 से 68 रुपये, जबकि लीची के पौधों की दर 69 से 73 रुपये तक है।केला के टिश्यू कल्चर पौधों के लिए 21.90 रुपये, अनानास के लिए 36 रुपये और स्ट्राबेरी के लिए 20 रुपये की दर दर्ज है। इसके अलावा सपोटा, आंवला, ड्रैगन फ्रूट और जरबेरा के पौधों की दर भी तय की गई है।
उद्यान निदेशालय ने आदित्य हाई एंड टेक नर्सरी, बालाजी एग्रो सीड्स इंटरप्राइजेज, देबिक बायोटेक प्रा लिमिटेड, एवरग्रीन नर्सरी, ग्रीन गार्डेन इंटरप्राइजेज, ग्रीन गार्डेन लैंड्स्केप एंड होर्टिकल्चर प्रा लिमिटेड, फल उद्योग नर्सरी, प्लांट वैली नर्सरी, प्रकाश सीड्स एंड नर्सरी, राजमहल नर्सरी, शशांका एग्रो टेक प्रा लिमिटेड, शक्ति नर्सरी और वृंदावन नर्सरी से सहमति पत्र मांगा है।
ड्रैगन फ्रूट के पौधों की आपूर्ति के लिए उद्यान निदेशालय ने फल उद्योग को सूचीबद्ध करने का ऑफर दिया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार पूरे राज्य में ड्रैगन फ्रूट के पौधों की आपूर्ति के लिए इसी एजेंसी को सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।



